मुख्य समाचार

राज्य की समृद्धि के लिए सीएम ने मंदिरों में की पूजा

पटना। नवरात्र की महाअष्टमी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर, बड़ी पटनदेवी एवं छोटी पटनदेवी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। पुरोहितों ने विधिवत उन्हें पूजा करायी। मुख्यमंत्री ने सभी मंदिरों में राज्य की शांति, समृद्धि एवं प्रगति की कामना की।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि महाअष्टमी के दिन दर्शन करने के लिए यहां हमेशा आते हैं। पिछली बार कोरोना की वजह से प्रतिबंध था। इस कारण नहीं आ सके। आज यहां आकर खुशी हो रही है। मुख्यमंत्री ने मारूफगंज स्थित श्री बड़ी देवी एवं दलहट्टा देवी जाकर मां दुर्गा की पूजा की। मारूफगंज मारवाड़ी सेवा समिति ने उन्हें अंगवस्त्र, पाग एवं प्रतीक चिन्ह् भेंट किया।

पूजा-अर्चना के दौरान शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अनुपम कुमार एवं ओएसडी गोपाल सिंह, पटना रेंज के आईजी संजय सिंह, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।    

 


संबंधित खबरें