मुख्य समाचार

राष्ट्रपति तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे पटना

पटना। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को वायु सेना के विशेष विमान से पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर राज्य सरकार के मंत्री, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे। स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति का काफिला राजभवन के लिए प्रस्थान कर गया।

21 अक्टूबर को राष्ट्रपति बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह के अवसर पर एक व्याख्यान देंगे। “सदन में विमर्श ही संसदीय प्रणाली का मूल है“ व्याख्यान का विषय है। इस दौरान वह विधानसभा परिसर में शताब्दी स्मृति स्तंभ का शिलान्यास एवं महाबोधि वृक्ष के शिशु पौधे का रोपण भी करेंगे।

22 अक्टूबर को हरिमंदिर साहब, महावीर मंदिर एवं बुद्धस्मृति पार्क में पूजा-अर्चना करेंगे। गांधी मैदान के समीप स्थित खादी मॉल देखने के बाद राष्ट्रपति दिल्ली लौट जाएंगे।

एयरपोर्ट पर ये मंत्री रहे मौजूद : शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पीएचईडी मंत्री रामप्रीत पासवान, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, श्रम संसाधन मंत्री जिवेश कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री आलोक रंजन, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।

 


संबंधित खबरें