पटना। तीन दिवसीय बिहार दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद अपने परिवार के साथ गांधी मैदान के समीप स्थित खादी मॉल पहुंचे। यहां राष्ट्रपति के भ्रमण का समय सिर्फ 15 मिनट का था, लेकिन उन्होंने आधे घंटे से अधिक वक्त खादी मॉल में बिताया।
खादी मॉल से राष्ट्रपति और उनके परिवार ने करीब बीस हजार रुपए की खरीदारी की। राष्ट्रपति ने खुद के लिए दो कुर्ता-पायजामा का कपड़ा, पत्नी सविता कोविंद ने सिल्क की साड़ी और पुत्री स्वाति ने सूट खरीदे। खादी मॉल पहुंचने पर सबसे पहले राष्ट्रपति ने खादी सूत से बनी माला से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया। इसके बाद उन्होंने और उनकी पत्नी ने चरखा चलाकर सूत काता।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन और उनकी पत्नी रेणु हुसैन ने राष्ट्रपति और उनके परिवार को प्रतीक चिन्ह स्वरूप सिक्की से बनी सीता स्वयंवर और भगवान बुद्ध की मूर्ति भेंट की। साथ ही मधुबनी पेंटिग से चित्रित सिल्क का अंगवस्त्र भी भेंट किया। भेंट के रूप में बिहार के कलाकारों की बेहतरीन कलाकृतियां पाकर राष्ट्रपति ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसे वे राष्ट्रपति भवन में सुरक्षित रखेंगे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति जी के सपरिवार खादी मॉल आगमन से राज्य के सभी बुनकरों में अच्छा संदेश गया है। इससे उनकी बनाई चीजों को भी बढ़ावा मिला है। आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर जब पूरे देश में खादी को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में बिहार खादी मॉल में उनका आगमन बहुत बड़ी बात है। रेणु हुसैन ने कहा कि यह देख कर अच्छा लगा कि देश की प्रथम महिला ने बिल्कुल आम महिला की तरह खरीदारी की।
इस मौके पर उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा एवं निदेशक पंकज दीक्षित मौजूद रहे।