पटना। लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारी में पटना जिला प्रशासन जुट गया है। गृह विभाग से जारी निर्देश के तहत सभी नदी घाट एवं तालाब पर छठव्रत का आयोजन होगा। प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि कोविड का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क रहना है। घाटों पर अधिक भीड़ नहीं लगाएं एवं मास्क का प्रयोग अवश्य करें।
त्योहार को देखते हुए बाहर से काफी संख्या में लोग अपने घर बिहार आ रहे हैं। सभी के कोविड जांच एवं टीकाकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया है। प्रमंडलीय आयुक्त ने वरीय अधिकारियों के साथ दीघा घाट, जनार्दन घाट, पाटीपुल घाट, कुर्जी घाट, बांस घाट एवं कलेक्ट्रिएट सहित कई घाटों का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश : घाटों पर छठ व्रती एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध करानेे, जल की गहराई को देखते हुए बैरिकेडिंग, खतरनाक घाटों की सूची बनाने, आतिशबाजी पर रोक, घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने एवं ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रमंडलीय आयुक्त के साथ डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, डीडीसी रिची पांडे, ट्रैफिक एसपी डी. अमरकेश, एडीएम संतोष कुमार झा एवं राजीव श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद थे।