पटना। महापर्व छठ के मद्देनजर गंगा घाटों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर से दानापुर के नासरीगंज से पटना सिटी के कंगन घाट तक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सफाई एवं सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गंगा घाटों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार अधिक बारिश के कारण गंगा में पानी का प्रवाह अधिक है। ऐसी स्थिति में छठ घाटों पर सुरक्षा की व्यवस्था जरूरी हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि छठ के लिए जगह चयन का काम शुरू करें ताकि छठव्रतियों को कोई परेशानी नहीं हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तीन नवंबर को फिर से घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे। छठव्रतियों की सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट से गंगा में टापूनुमा संरचना तक पीपापुल का निर्माण कराया जा रहा है। बांस घाट से भी टापूनुमा संरचना तक पीपापुल के निर्माण की संभावनाओं को तलाशने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम, सीएम के प्रधान सचिव, मुख्य सचिव, डीजीपी, विकास आयुक्त, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पटना के डीएम एवं एसएसपी उपस्थित थे।