पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर से विशेष जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। छठ पर्व के बाद 16 नवंबर को इस सबंध में विस्तृत समीक्षा बैैैठक की जाएगी। मुख्यमंत्री गोपालगंज और बेतिया में जहरीली शराब से हुई मौत पर पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में कोई अगर गड़बड़ी करता है, तो यह बहुत गलत बात है। कुछ लोग अवैध शराब बनाने का धंधा अभी भी कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो रही है और आगे भी होगी।
सीएम ने कहा हम बार-बार कह रहे हैं अगर गलत चीज को ग्रहण करिएगा, तो इस तरह की नौबत आएगी। शराबबंदी के संबंध में अधिकारियों से हमारी बातचीत होती रहती है। छठ के बाद हम इसकी विस्तृत समीक्षा करेंगे। गड़बड़ी करने वाले लोग प्रतिदिन पकड़े जाते हैं। पत्रकारों को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के साथ बैठक में गड़बड़ी करने वाले अधिकारी एवं कर्मियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।