पटना। बिहान ऐप के विस्तार कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बामेती,पटना में किया। बिहार हॉर्टिकल्चर एग्रीकल्चर नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट (बिहान- Bihan ) कृषि विभाग के अधीन तीनों निदेशालय कृषि, उद्यान एवं भूमि संरक्षण का संयुक्त ऐप है।
एंड्रायड ऐप बिहान को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। वर्तमान में इसका उपयोग कृषि विभाग के पदाधिकारियों के बीच लॉग इन के आधार पर सीमित रखा गया है। आगे इसका विस्तार किया जाएगा।
इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए इस तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। कृषि विभाग के सभी डिजिटल एप्लिकेशन को एक ही विंडो पर लाया गया है। अब किसान बिहान ऐप के जरिए सभी प्रकार की सेवाएं ले सकेंगे। किसान कुछ समय तक ऐप के उपयोग के लिए कृषि विभाग के कर्मियों की मदद ले सकेंगे।
किसानों को ऐप से मिलने वाली सुविधाएं - डिजिटल तकनीक से यह संभव हो गया है कि किसानों को खेत में कीट की समय पर जानकारी मिल सके। अधिक बारिश होने पर किस तरह की खेती की जाए एवं किस पंचायत में किस फसल की खेती हो रही है। इसकी जानकारी बिहार ऐप से मिलेगी। ।
कृषि सचिव डॉ सरवण कुमार ने बताया कि फसलों के आच्छादन खासकर बागवानी फसलों के पंचायत स्तर के आंकड़े उपलब्ध नहीं रहने के कारण योजना के निर्माण एवं कार्यान्वयन में कठिनाई आ रही थी। किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभाग ने बिल एवं मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के साथ मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर कृषि निदेशक राजीव रौशन, विशेष सचिव रवींद्रनाथ राय, उद्यान निदेशक नंद किशोर, बिहान के नोडल पदाधिकारी अनिल कुमार झा समेत कृषि विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।