मुख्य समाचार

बाढ़ एनटीपीसी की पहली यूनिट से 660 मेगावाट उत्पादन शुरू

बाढ़,पटना । नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी), बाढ़ की पहली यूनिट से 660 मेगावाट का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस मौके पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह एवं एनटीपीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की तीन यूनिट में पहली ने 12 नवंबर, 2021 से काम करना शुरू कर दिया है। आज इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ है। 660 मेगावाट की जगह 678 मेगावाट उत्पादन हो रहा है।

2022 में दूसरी और 2023 में तीसरी यूनिट शुरू हो जाएगी। 6 मार्च, 1999 को बाढ़ प्रोजेक्ट का शिलान्यास हुआ था। यह देश का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। सीएम ने कहा कि नई पीढ़ी के लोगों को यह जानना चाहिए कि इसे बनाने में कितनी बाधाओं का सामना करना पड़ा है। बिहार में एनटीपीसी की तरफ से 7300 मेगावाट का पावर प्लांट लग गया है।

बिहार में वर्ष 2005 में मात्र 700 मेगावाट बिजली की खपत थी। अब 6600 मेगावाट खपत हो रही है। हमलोगों ने हर घर बिजली पहुंचाने का निर्णय लिया, जिसे अब केंद्र सरकार ने भी अपना लिया है। अक्टूबर 2018 में ही राज्य के हर इच्छुक व्यक्ति तक बिजली पहुंचा दी गई। बिजली बिल पर अनुदान भी मिल रहा है।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एनटीपीसी की तरफ से बिहार में बिजली का उत्पादन इतना अधिक होगा कि राज्य सरकार को किसी प्राइवेट कंपनी से बिजली नहीं खरीदनी पड़ेगी। समारोह को एनटीपीसी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह एवं सांसद ललन सिंह ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें