मुख्य समाचार

2023 तक होगा पटना एयरपोर्ट का विस्तार

पटना/नई दिल्ली। पटना एयरपोर्ट के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 1216.90 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। एयरपोर्ट का विस्तार तीन पैकेज में दिसंबर 2023 तक पूरा होने की संभावना है। अब तक तीनों पैकेज में लगभग 32 प्रतिशत राशि खर्च हो चुकी है और इनकी भौतिक प्रगति क्रमशः 72, 28.75 एवं 37 प्रतिशत है। केंद्रीय विमानन राज्यमंत्री डॉ वी.के.सिंह ने राज्यसभा में सांसद सुशील कुमार मोदी के सवाल पर यह जानकारी दी।

पैकेज वन के तहत विमान यातायात नियंत्रण टावर, अग्निशमन स्टेशन एवं कार्गो भवन का निर्माण होगा। पैकेज दो में टर्मिनल भवन एवं आवासीय क्वार्टर का निर्माण, पैकेज तीन के अंतर्गत राज्य सरकार के हैंगर, फ्लाइंग क्लब और वीआईपी लाउंज भवन के निर्माण किए जाएंगे।  

केंद्रीय राज्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में पटना एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता 25 लाख यात्री है। नए टर्मिनल भवन के पूरा होने के बाद यात्री क्षमता बढ़कर 80 लाख हो जाएगी। बिहटा एयरपोर्ट की प्रस्तावित वार्षिक यात्री क्षमता 50 लाख है।

बिहटा एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार ने 108 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। अंतरराष्ट्रीय परिचालन के अनुरूप रनवे विस्तार के लिए 191.5 एकड़ और सिटी साइड विकास कार्य के लिए राज्य सरकार को आठ एकड़ जमीन और उपलब्ध करानी है। पटना एयरपोर्ट का रनवे बड़े विमानों के परिचालन के अनुकूल नहीं है। इस कारण बिहटा एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसका उपयोग वायु सेना भी करेगी।

 


संबंधित खबरें