मुख्य समाचार

सहमति के बाद राज्य सरकार कराएगी जातीय जनगणना

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य सरकार जातीय जनगणना कराना चाहती है। डिप्टी सीएम से इस सबंध में अपनी पार्टी (भाजपा) के लोगों से बात करने के लिए कहा है। बाकी सभी पार्टी से बात हो गई है। जब डिप्टी सीएम बात कर लेंगे तब सभी पार्टी के साथ बैठक होगी।

जनता के दरबार कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के स्वरूप पर सबकी एक राय होनी चाहिए। सभी पार्टियों की एक राय बनने के बाद सरकार इसकी घोषणा करेगी। जातीय जनगणना से सबको फायदा होगा।

बिहार में खाद की कमी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय उर्वरक मंत्री से बात हुई है। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि सात दिनों के अंदर बिहार में खाद की पर्याप्त खेप पहुंच जाएगी। इससे पहले कृषि मंत्री ने भी केंद्र सरकार से बात की है।

शराबबंदी के बावजूद विधानमंडल परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद सभी जानकारी मिल जाएगी। जांच में यह देखा जा रहा है कि किसी ने वहां शराब का सेवन किया था या फिर कहीं से बोतल लाकर वहां फेंक दी गई।

 


संबंधित खबरें