मुख्य समाचार

एनएच 83 निर्माण के लिए पूरा हुआ जमीन अधिग्रहण कार्य

पटना। पटना-गया-डोभी (एनएच 83) सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। इसके लिए पटना जिला प्रशासन ने 466.13 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी है। जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में यह बात आई कि एलाइनमेंट में दो स्कूल मध्य विद्यालय नदौल एवं मध्य विद्यालय नीमा आ रहे हैं। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, मसौढ़ी को स्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी देने का निर्देश दिया।

जापान सरकार के सहयोग से पटना-गया-डोभी सड़क का निर्माण दिसंबर 2022 तक पूरा होने की संभावना है। सड़क का निर्माण नवंबर 2020 से जारी है। 127 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 1610.47 करोड़ रुपए है। जमीन की अनुपलब्धता के कारण विगत पांच वर्षों से इस राजमार्ग का निर्माण अटका हुआ था।

गंगा उदवह जल योजना : मोकामा से गया तक इस प्रोजेक्ट की लंबाई 147 किलोमीटर है। पटना जिला के अंतर्गत योजना की लंबाई 24 किलोमीटर है। मोकामा अंचल में योजना की लंबाई 11 किलोमीटर एवं घोसवारी अंचल में 13 किलोमीटर है। 24 किलोमीटर के प्रोजेक्ट में 18 किलोमीटर में कार्य पूरा हो गया है। शेष छह किलोमीटर का काम जनवरी तक पूरा हो जाएगा।

केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन के लिए डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम (राजस्व) राजीव श्रीवास्तव, जिला भू अर्जन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी एसडीओ, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

 


संबंधित खबरें