पटना। सोमवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पटना जिले में एक्टिव केस की संख्या 61 हो गई है। एक्टिव केस में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई निर्देश जारी किए हैं।
डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने लोगों से मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराना नहीं, बल्कि सजग रहना है। कोरोना के हर पहलू पर प्रशासनिक स्तर पर पूरी नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन के कोविड कंट्रोल रूम नंबर 0612-2219080/2249964 पर कोई भी व्यक्ति कोविड से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मास्क के अनिवार्य प्रयोग के लिए डीएम एवं एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने पांच धावा दल टीम को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीम भीड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को मास्क के प्रयोग के लिए जागरूक करने के साथ उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी करेगी। सिटी बसों में भी मास्क के अनुपालन के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को शहरी क्षेत्र में टेस्टिंग कार्य पर विशेष ध्यान देने एवं तेजी लाने का निर्देश मिला है। जिला कोविड केयर सेंटर के रूप में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांपलेक्स को 15 दिसंबर से शुरू किया जाएगा। इसका उपयोग आइसोलेशन सेंटर के रूप में भी किया जाएगा।