पटना/नई दिल्ली। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के बरौनी खाद कारखाना से यूरिया का उत्पादन मार्च 2022 से शुरू होगा। पहले उत्पादन शुरू करने की समय-सीमा मई 2021 थी। राज्यसभा में सांसद एवं पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के एक सवाल पर रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री भगवंत खुबा ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बरौनी परियोजना की लागत 8388 करोड़ है। नवंबर, 2021 तक 5133 करोड़ राशि खर्च हो चुकी है। प्राकृतिक गैस पाइप लाइन बिछाकर चार्ज कर दी गई है। इस खाद कारखाना में यूरिया का उत्पादन प्राकृतिक गैस से किया जाना है। बरौनी कारखाना के शुरू होने से प्रत्यक्ष रूप से लगभग 400 और अप्रत्यक्ष 1500 रोजगार सृजित होंगे।