पटना। ऊर्जा क्षेत्र की 3452.11 करोड़ रूपए की योजनाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। बीएसपीएचसीएल कॉलोनी स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में उन्होंने 12,657 करोड़ रुपए की स्मार्ट प्री-पेड मीटर योजना भी शुरू की।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि बिहार में अभी 6627 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य अक्टूबर, 2018 में पूरा कर लिया गया। बिहार पहला राज्य है जहां सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में 19 किलोवाट भार क्षमता तक के बिजली कनेक्शन सुविधा एप्प के माध्यम से ऑनलाइन दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी काफी काम हो रहे हैं। 200 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र बिहार में लगने जा रहा है। बांका और जमुई में 100-100 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयत्र पर काम शुरू होगा। सतलज जल विद्युत निगम लिमिटेड संयंत्र को लगाने जा रहा है। इस पर 1000 करोड़ राशि खर्च होगी।
देश में बिहार पहला राज्य है, जहां स्मार्ट प्री-पेड मीटर लग रहा है। पांच चरणों में मार्च 2025 तक हर घर तक स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगा दिया जाएगा। बिजली उपभोक्ताओं को इससे फायदा होगा। लोग जितनी बिजली की खपत करेंगे, उन्हें उतने ही बिजली बिल देना पड़ेगा। उपभोक्ताओं को राज्य सरकार अपनी तरफ से बिजली बिल में सब्सिडी भी दे रही है।
कार्यक्रम को ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य सह पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस ने भी संबोधित किया।