मुख्य समाचार

उद्यमी योजना : लॉटरी के जरिए 16000 लाभुक चयनित

पटना। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत 16,000 लाभुकों का चयन कंप्यूटराइज्ड लॉटरी के जरिए हुआ। लाभुकों को बिहार में उद्यम शुरू करने के लिए पांच लाख लोन एवं पांच लाख अनुदान मिलेगा। योजना में महिला उद्यमी, युवा उद्यमी एवं एससी-एसटी उद्यमी योजनाएं हैं। चयनित सभी लाभार्थियों को उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने शुभकामनाएं दी है।

उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि आऩे वाले दिनों में ये बड़े उद्यमी बनकर बिहार के विकास में योगदान देंगे। 16000 अभ्यर्थी यदि दस लोगों को भी रोजगार देने में सफल रहे, तो राज्य में 1.60 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। योजना के तहत हर साल इसी प्रक्रिया से लाभुकों का चयन होगा। इससे कुछ वर्षों में राज्य में लाखों रोजगार का सृजन हो जाएगा।

लाभार्थियों के चयन के लिए चयन समिति की बैठक सुबह 11 बजे गांधी मैदान स्थित आईडा के सभागार में शुरू हुई। दोपहर तक 16,000 लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। चयन पूरी पारदर्शिता से हुआ है। पूरी चयन प्रक्रिया का लाइव प्रसारण किया गया। उद्योग मंत्री ने कहा कि जिन आवेदकों का आवेदन निरस्त हुआ है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। वे अगले साल फिर से आवेदन कर सकेंगे।

 

 


संबंधित खबरें