मुख्य समाचार

ओमिक्रॉन वेरिएंट पर बिहार की रिपोर्ट शीघ्र आएगी : सीएम

पटना। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने मुझे जानकारी दी है कि रिपोर्ट शीघ्र आ जाएगी। रिपोर्ट नहीं आना अलग बात है, लेकिन अन्य राज्यों में कुछ केस मिल रहे हैं। इसलिए सभी को सतर्क रहना होगा।

जनता का दरबार कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवाल पर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ओमिक्रॉन वेरिएंट देश में कोरोना के तीसरे फेज की दस्तक है। बिहार में हर प्रकार से तैयारी है। ट्रीटमेंट की व्यवस्था है। सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट बिहार में हो रहे हैं।

समाज सुधार अभियान : मुख्यमंत्री के 22 दिसंबर से शुरू हो रहे समाज सुधार अभियान के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अभियान चलाकर राज्य सरकार लोगों को नशे के सेवन, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह से निजात दिलाना चाहती है। इसके लिए हम बारह जगहों पर जा रहे हैं। महिलाओं से उनकी बात सुनेंगे और अपनी बात कहेंगे। हर प्रमंडल के अंतर्गत जिलों के अधिकारियों को बुलाकर सभी चीज की समीक्षा और विकास कार्यों की जानकारी ली जाएगी।

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना : बिहार में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत निर्माण कार्य धीमा होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बात नहीं है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि योजना के तहत स्वीकृत आवास में 83 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं। बाकी का काम चल रहा है।

इसके अलावा 11 लाख आवास का लक्ष्य मिला हुआ है। इसे स्वीकृत करने की कार्रवाई पंचायत चुनाव के कारण रुकी हुई थी। उम्मीद है कि जनवरी महीने में यह स्वीकृत हो जाएगी। बिहार का कंप्लीशन दर पूरे देश में दूसरे-तीसरे नंबर पर है।

 

 


संबंधित खबरें