वाल्मीकिनगर (बेतिया)। वरुण बेवरेजेज लिमिटेड एवं बिहार डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड के बिहार में यूनिट लगाने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन क्लियरेंस को कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई। दोनों निवेश प्रस्तावों को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 के तहत मंजूरी मिली है।
वरुण बेवरेजेज लिमिटेड बेगूसराय जिले के बरौनी में 278 करोड़ 85 लाख रूपए का निवेश करेगी। कंपनी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी पेप्सी के लिए बॉटलिंग प्लांट का निर्माण कर रही है। इससे करीेब छह से सात सौ लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर में कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें उद्योग विभाग के दो एवं अन्य विभागों के 11 प्रस्तावों समेत 13 एजेंडो पर निर्णय लिया गया। वरुण बेवरेजेज बरौनी यूनिट में कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक, जूस बेवरेजेज पेट, फ्रूट जूस ग्लास लाइन एवं ड्रिंकिंग वॉटर पेट तैयार करेगी।
भोजपुर जिले के आरा सदर में बिहार डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड 168 करोड़ 42 लाख रूपए का निवेश कर रही है। इस यूनिट से 400 केएलपीडी क्षमता का इथेनॉल,160 टीपीडी क्षमता का पशु आहार एवं 10.6 मेगावाट क्षमता का को-जेन पॉवर तैयार होगा।
11 अन्य एजेंडों में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन, पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, भवन निर्माण, शिक्षा एवं पंचायती राज विभागों के प्रस्ताव हैं।