मुख्य समाचार

मोतिहारी से सीएम ने शुरू किया समाज सुधार अभियान

मोतिहारी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि समाज सुधार के बिना विकास कार्य अधूरे हैं। विकास के साथ समाज का सुधार होगा, तो राज्य और देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से इस अभियान को अपने गांव एवं क्षेत्र में चलाने की अपील की। मुख्यमंत्री मोतिहारी के गांधी मैदान से समाज सुधार अभियान के शुभारंभ के मौके पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

राज्य सरकार इस अभियान के जरिए लोगों को नशे के सेवन, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह से निजात दिलाना चाहती है। इसके लिए मुख्यमंत्री 12 जगहों पर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। यह अभियान 22 दिसंबर से 15 जनवरी, 2022 तक चलेगा।

मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि समाज के हर तबके के उत्थान के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। विकास के साथ समाज सुधार के लिए भी काम हो रहा है। शराब के विरोध में राज्य में वर्ष 2011 से अभियान चल रहा है। कर्पूरी ठाकुर जब 1977 में बिहार के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने शराबबंदी लागू की। दो वर्ष बाद शराब फिर से शुरू कर दी गई।

5 अप्रैल, 2016 से राज्य में पूर्ण शराबबंदी है। इसका काफी अच्छा असर हुआ है। बड़ी संख्या में लोगों ने शराब छोड़ दी है। कई घरों में खुशहाली लौट आई है। शराब के पैसे का उपयोग अब दूध, सब्जी, फल एवं अन्य जरूरी सामान पर हो रहा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2018 में शराब के दुष्परिणाम से संबंधित एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट का अध्ययन करना चाहिए। महात्मा गांधी भी शराब के विरोधी थे। उनके संदेश को राज्य सरकार हर जगह प्रचारित करवा रही है। बापू ने कहा था- शराब न सिर्फ आदमी का पैसा बल्कि बुद्धि भी खत्म कर देती है।

मुख्यमंत्री ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के दुष्परिणामों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा महिलाओं और लड़कियों के प्रति अच्छी भावना रखें, तभी हम आगे बढ़ पाएंगे। बाल विवाह की शिकार लड़कियों के स्वास्थ्य के साथ जन्म लेने वाले बच्चे पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दहेज प्रथा और भी खराब है। कानूनी रूप से दहेज लेना अपराध है। हमने कहा था कि जिस कार्ड पर दहेज मुक्त लिखा होगा, उस शादी समारोह में हम जाएंगे। आज हम फिर इस बात को दोहराते हैं कि मेरा कोई नजदीकी भी होगा। अगर कार्ड पर दहेज मुक्त शादी नहीं लिखा होगा, तो हम उस शादी में नहीं जाएंगे।

कार्यक्रम को गन्ना उद्योग एवं विधि मंत्री प्रमोद कुमार, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, डीजीपी एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद एवं केके पाठक ने भी संबोधित किया।

 

 


संबंधित खबरें