हाजीपुर। सेब की हरमन-99 प्रजाति की खेती पूरे बिहार में की जा सकती है। यह किस्म बिहार की जलवायु के अनुकूल है। हरमन-99 प्रजाति 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक तापमान सहन कर सकता है। यह जानकारी गुजरात के राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्थान से आए डॉ पार्धा देव ने किसानों को दी। डॉ देव वैशाली जिला के देसरी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्रूट्स में प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सेब की खेती के लिए आवश्यक जरूरत एवं कटाई-छटाई की पूरी जानकारी किसानों को दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, भागलपुर एवं औरंगाबाद के प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
वैशाली जिला के पातेपुर ब्लॉक के किसान संजय ने बताया कि वह 3-4 वर्षों से सेब की खेती कर रहे हैं। सेब के प्रत्येक पेड़ से 15-20 किलो फल मिलता है। इसका स्वाद भी अन्य राज्यों के सेब जैसा ही है। इस कारण इसे बाजार में बेचने में कोई कठिनाई नहीं होती है और अच्छी कीमत भी मिलती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार को निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत पॉयलेट बेसिस पर चुने गए सात जिलों के अलावा अन्य कृषि विज्ञान केंद्रों में वैज्ञानिकों की देखरेख में सेब की खेती शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सेब की खेती यदि अच्छे तरीके से हो, तो किसानों की आमदनी कई गुना बढ़ सकती है।
देसरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उद्यान निदेशक नंद किशोर ने किया। पटना से कृषि मंत्री और कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे। उप निदेशक उद्यान राकेश कुमार एवं नीतेश कुमार राय ने किसानों को उद्यान निदेशालय की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ अभय कुमार गौरव, ओम प्रकाश मिश्रा, शंभू प्रसाद एवं विनोद कुमार मौजूद रहे।