पटना। बाकरगंज स्थित एसएस ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट के विरोध में सर्राफा कारोबारियों ने 22 जनवरी को दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया है। दो दिन पहले भी अपराधियों ने राजीव नगर के सुहागन ज्वेलर्स के कारोबारी को गोली मार दी थी। लगातार हो रही घटना से राजधानी के व्यवसायी दहशत में हैं। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ एवं बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स ने घटना की कड़ी निंदा की है।
एसएस ज्वेलर्स आभूषण के थोक विक्रेता हैं । घटना के बाद भागने के दौरान बाकरगंज में मौजूद भीड़ ने एक अपराधी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से लूटे गए कुछ आभूषण भी बरामद हुए हैं। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने घटना में शामिल अन्य अपराधी एवं शेष आभूषण की बरामदगी की मांग की है। संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि 22 जनवरी को सर्राफा की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
संघ का कहना है कि कुछ माह से कई जिलों में आभूषण की दुकानों में डकैती एवं लूट की घटना बढ़ी है। कारोबारी रंगदारी से परेशान हैं। सर्राफा व्यवसाय में उच्च मूल्य के कारण सरकार को जीएसटी मद में बड़ी राशि मिलती है, लेकिन सरकार से हमें पूर्ण सुरक्षा नहीं मिल रही है।
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने राज्य के सभी सर्राफा व्यवसाय क्षेत्र में सघन पुलिस पेट्रोलिंग, समय-समय पर पुलिस प्रशासन के साथ बैठक, संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेवारी तय करने एवं कारोबारियों को आर्म्स लाइसेंस देने की मांग की है।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स ने लूट में शामिल सभी अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने एवं लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। इस तरह की घटना में वृद्धि को देखते हुए सभी व्यावसायिक क्षेत्र में सघन पुलिस पेट्रोलिंग भी होनी चाहिए। इससे व्यापारी निडर होकर व्यवसाय कर सकेंगे।