पटना। बाकरगंज के आभूषण कारोबारियों को पटना पुलिस के कप्तान मानवजीत सिंह ढिल्लो ने हर संभव सुरक्षा देने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि बाकरगंज में चेकपोस्ट बनेगा एवं क्षेत्र में पुलिस सक्रियता बढ़ेगी। सही जगह की पहचान कर चेकपोस्ट खोलने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। एसएसपी ने पेट्रोलिंग मे तेजी लाने एवं क्षेत्रवार पुलिस की जिम्मेवारी तय करने का भी आश्वासन दिया। इसके लिए पैंथर मोबाइल पेट्रोलिंग टीम सक्रिय रहेगी।
बाकरगंज स्थित एसएस ज्वेलर्स में 21 जनवरी को 18 कैरेट के करीब 35 किलो स्वर्ण आभूषण की लूट हुई थी। आभूषण की कीमत 14 करोड़ रुपए है। इस घटना के विरोध में सर्राफा कारोबारियों ने आज अपनी दुकानें बंद रखी। कारोबारी प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट भी पहुंच गए।
डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने सर्राफा व्यवसायियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। व्यवसायियों ने बाकरगंज लूट मामले का शीघ्र खुलासा एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस-व्यवसायी में बेहतर समन्वय, अपराध नियंत्रण एवं भयमुक्त वातावरण में कारोबार सुचारू रूप से जारी रखने के सुझाव भी व्यवसायियों से लिए गए।

प्रशासन की ओर से कारोबारियों से दुकान के अंदर एवं बाहर के लोकेशन पर सीसीटीवी लगाने के लिए कहा गया है। इससे सभी गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी। साथ ही दुकान में कार्यरत कर्मियों का सत्यापन थाना से कराने के लिए भी कहा गया।
प्रत्येक माह थाना स्तर पर पुलिस-व्यवसायी संवाद होगा। बैठक में आर्म्स लाइसेंस देने पर भी चर्चा हुई। तीन-चार व्यवसायियों ने आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन दिया है। अगर अन्य व्यवसायी भी आवेदन करते हैं, तो प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था केके सिंह, पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार एवं महासचिव शशि कुमार, एसएस ज्वेलर्स के संजीव कुमार, अलंकार ज्वेलर्स के अमित कुमार, पटना गहना हाउस के विशाल कुमार गुप्ता, त्रिपोलिया के व्यवसायी अविनाश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।