मुख्य समाचार

छह कोचिंग संचालकोें पर एफआईआर

पटना। राजधानी के छह कोचिंग संचालकों के खिलाफ पत्रकार नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि एवं स्थान पर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। वे भय मुक्त होकर अपना पक्ष रख सकेंगे। पूरी पारदर्शिता एवं साक्ष्य के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे नॉन टेक्निकल पॉपुलर केटेगरिज (एनटीपीसी) के पहले चरण के परिणाम से असंतुष्ट छात्रों का बिहार के कई जिलों मे उग्र प्रदर्शन तीन दिनों से जारी है। 24 जनवरी को पटना में राजेंद्रनगर रेलवे ट्रैक को जाम करने एवं विधि-व्यवस्था से निपटने के दौरान चार अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया था।

अभ्यर्थियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्हें कोचिंग संचालक एवं उनके प्रतिनिधियों ने यहां आने के लिए मार्गदर्शन किया है। छात्रों ने खान सर, एसके झा सर, नवीन सर, अमरनाथ सर, गगन प्रताप सर एवं गोपाल वर्मा सर का नाम बताया है। पुलिस ने सोशल मीडिया से वीडियो फुटेज भी प्राप्त किए हैं।

डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने कोचिंग संचालक एवं प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आज बैठक की। बैठक के दौरान उनके विचार भी लिए गए। कोचिंग संचालकों ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अपने-अपने स्तर से सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने की इच्छा व्यक्त की।

डीएम ने कहा कि किसी पर पूर्वाग्रह या बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होगी। पूरी पारदर्शिता एवं साक्ष्य के आधार पर ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, जनजीवन को परेशान करना एवं विधि-व्यवस्था की समस्या पैदा करना कहीं से भी उचित नहीं है। इस तरह गैर कानूनी कार्य करने एवं उग्र आंदोलन के लिए प्रेरित करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभ्यर्थियों की शिकायतों के निदान के लिए रेल प्रशासन ने 26 जनवरी को उच्च स्तरीय कमिटी का गठन कर दिया है। अभ्यर्थियों को ईमेल जारी करते हुए उचित फोरम प्रदान किया गया है, जहां वे अपना पक्ष मजबूती से रख सकते हैं।

उम्मीदवार अपनी शिकायतों को 16 फरवरी तक समिति के ईमेल आईडी rrbcommittee@railnet.gov.in पर भेज सकते हैं। कमिटी शिकायतों की जांच के बाद चार मार्च तक अपनी सिफारिश बोर्ड को भेजेगी।


संबंधित खबरें