पटना। महात्मा गांधी और उनके विचार आज भी प्रासंगिक है। बापू के विचार हमें आगे बढ़ने और अच्छा करने की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को शांति, अहिंसा, सादगी एवं सत्यनिष्ठा के साथ उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने देश के पहले खादी मॉल में राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देने के बाद उक्त बातें कहीं।
खादी मॉल गांधी मैदान के समीप स्थित है। यहां सभी प्रकार के खादी वस्त्र और ग्रामोद्योग से जुड़ी चीजें एक छत के नीचे उपलब्ध हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि गांधी के स्वदेशी और स्वावलंबन की अवधारणा पर देश आगे बढ़ रहा है। आजादी के दिनों में बिहार राष्ट्रपिता की कर्मभूमि रही है।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन एवं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने भी बापू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने खादी मॉल में रखे अत्याधुनिक चरखे को भी चलाया। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर खादी मॉल में लोक कलाकारों ने उनके प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। गांधीजी के जीवन और दर्शन को समर्पित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं में पुरस्कार राशि वितरित की गई।

इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि गांधी सिर्फ व्यक्ति नहीं बल्कि विचार हैं। आज का दिन संकल्प लेने का दिन है कि उनके बताए रास्तों पर चलना है। शराब,नशा,असत्य एवं हिंसा किसी के हित में नहीं है। गांधीजी के विचार बेहतर समाज और बेहतर बिहार के निर्माण के लिए जरूरी है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि राज्य सरकार शराबबंदी और नशाबंदी को लेकर प्रतिबद्ध है और बिहार इस संकल्प पर आगे बढ़ रहा है। गांधी जी के प्रिय खादी को असीम ऊंचाई देने के लिए उद्योग विभाग प्रयासरत है। यह खादी की ताकत है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जब बिहार दौरे पर आए, तो वे खादी मॉल भी आए। उनके आने से बिहार की खादी और बुनकरों को बहुत बढ़ावा मिला।
उद्योग विभाग की कोशिश है कि बिहार के प्रत्येक प्रमंडल में एक खादी मॉल खुले। पहले चरण में मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और भागलपुर में खादी मॉल खोलने की तैयारी है। शीघ्र चनपटिया मॉडल के तर्ज पर बिहार में टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने की बड़ी कोशिश की जाएगी। खादी भी इसका अंग होगा।