पटना। कृषि विभाग में ई-ऑफिस कार्य प्रणाली शुरू हो गई है। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने शुभारंभ करते हुए कहा कि इस प्रणाली से काम में पारदर्शिता आएगी और समय की बचत होगी। साथ ही सरकारी कार्यों के निपटारे में भी सहूलियत होगी। इस तकनीक का प्रयोग कुछ विभाग पहले से ही कर रहे हैं।
अभी तक ऑनलाइन पीएआर लिखने की व्यवस्था नहीं होने से समय पर कई अधिकारियों की प्रोन्नति नहीं हो पाती है। इस प्रणाली के आने से एक निश्चित समय के अंतर्गत पीएआर लिखा जाएगा। चालू वित्त वर्ष में सिर्फ बिहार कृषि सेवा के कोटि-1 के लिए शुरू किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से बिहार कृषि सेवा के अन्य कोटि के लिए भी लागू किया जाएगा।
कृषि विभाग के सचिव डॉ एन. सरवण कुमार के अनसार कृषि विभाग की योजनाएं ऑनलाइन हैं। इसलिए मुख्यालय स्तर पर फाइल का निपटारा अब ऑनलाइन होगा। फिलहाल नई फाइलों का निपटारा ई-ऑफिस सिस्टम के जरिए किया जाएगा ।
अगले तीन माह में पुरानी फाइल का कार्य भी इसी सिस्टम से होगा। कोरोना काल में ई-ऑफिस लागू होने से वर्क फ्रॉम होम में भी मदद मिलेगी। इस मौके पर विशेष सचिव विजय कुमार, उद्यान निदेशक नंद किशोर, ई-ऑफिस के नोडल पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं उप निदेशक राजेंद्र कुमार वर्मा मौजूद रहे।