पटना। हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल संसाधन विभाग को योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी नदियों को जोड़ने की योजना बनाएं। इससे जल संरक्षित रहेगा और लोगों को सिंचाई कार्य में सुविधा होगी। नदियों में गाद की समस्या के समाधान के लिए गाद प्रबंधन पर भी काम करें। बाढ़ से बचाव के लिए सभी योजनाओं को समय पर पूरा करने का भी उन्होंने निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल संसाधन विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत गंगाजल आपूर्ति योजना शुरू की गई है। इसके तहत राजगीर, गया, बोधगया एवं नवादा में सभी लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम हो रहा है। जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण एवं नगर विकास विभाग को आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश मिला।
जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने महत्वपूर्ण परियोजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। सचिव ने सिकरहना नदी के किनारे तटबंध निर्माण कार्य, बख्तियारपुर में गंगा की धार का पुनर्स्थापन, टाल विकास, कोसी-मेची लिंक योजना, उत्तर कोयल जलाशय परियोजना, उत्तर एवं दक्षिण बिहार की सिंचाई एवं बाढ़ की समस्या, गंगा जल आपूर्ति एवं हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की योजनाओं की जानकारी दी।