मुख्य समाचार

मुंगेर में 14.5 किलोमीटर लंबे रेल सह सड़क पुल का लोकार्पण

मुंगेर। गंगा नदी संपर्क परियोजना के तहत मुंगेर में 14.5 किलोमीटर लंबे रेल सह सड़क पुल श्री कृष्ण सेतु का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया। केंद्रीय मंत्री दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े हुए थे।

एनएच 333बी पर बने परियोजना की लागत 696 करोड़ है। इससे मुंगेर से खगड़िया की दूरी 100 किलोमीटर एवं बेगूसराय की दूरी 20 किलोमीटर कम हो गयी है। इससे पहले स्थानीय लोग उत्तर बिहार जाने के लिए 70 किलोमीटर दूर मोकामा के राजेंद्र पुल या 75 किलोमीटर की दूरी पर भागलपुर के विक्रमशिला पुल का उपयोग करते थे।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण सेतु के उद्घाटन से पहले मुंगेर में घोरघट स्थित मणि नदी पर बने पुल एवं पहुंच पथ का उद्घाटन किया। इससे मुंगेर से भागलपुर जाने में सहूलियत होगी।

श्री कृष्ण सेतु के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में प्रगति और समृद्धि लाएगी। पर्यटन, कृषि और उद्योग में इजाफा होने से रोजगार बढ़ेगा। मुंगेर शहर अपने समृद्ध प्राचीन इतिहास, संस्कृति, शिक्षा और वाणिज्य के लिए जाना जाता है। मुंगेर स्थित चंडी स्थान, ऋषि एवं सीता कुंड, ऐतिहासिक किले और योग विश्वविद्यालय आने वालों की संख्या में वृद्धि होगी।       

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर मुंगेर गंगा रेल सह सड़क पुल का नाम श्रीकृष्ण सेतु रखा गया है। 26 जनवरी, 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी ने इसका शिलान्यास किया था। उस समय मैं उनकी सरकार में रेल मंत्री था।

उन्होंने कहा कि जब मुंगेर में गंगा रेल सह सड़क पुल बनाने की स्वीकृति मिली थी, तब यहां के लोगों ने दीपावली मनाई थी। आज उद्घाटन के अवसर पर आप सभी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर खुशी का इजहार करें। केंद्र के साथ राज्य सरकार की भी योजनाएं चल रही हैं। राज्य सरकार ने अब तक 54 हजार करोड़ रुपए खर्च कर सड़कों की कनेक्टिविटी बेहतर की है।

मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर बने रेल सह सड़क पुल के निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मुंगेर के डीएम नवीन कुमार, एसपी जगन्नाथ जल्ला रेड्डी समेत कई अधिकारियों को सम्मानित किया।

मुंगेर के लाल दरवाजा पर आयोजित लोकार्पण समारोह को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, मंत्री नितिन नवीन एवं सम्राट चौधरी और सांसद ललन सिंह जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह एवं जनरल वीके सिंह ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें