नालंदा जिला के राजगीर में ज़ू सफारी (वन्य प्राणी सफारी) का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। 480 एकड़ क्षेत्रफल में फैले सफारी के निर्माण की लागत 176 करोड़ है। सफारी निर्माण में गुणवत्ता एवं उच्चस्तरीय पर्यटक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। इस तरह की सफारी देश में एक-दो जगहों पर ही उपलब्ध है। फिलहाल यहां सात शेर, दो बाघ, दो तेंदुआ, दो भालू एवं दो सौ की संख्या में हिरण हैं।
बिहार में बोधगया एवं गया के बाद सबसे ज्यादा पर्यटक राजगीर आते हैं। सफारी में पर्यटकों के लिए फोटो एवं सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने सफारी परिसर में लगे वन्य जीवों की प्रतिमा, टिकट काउंटर, व्याख्या केंद्र एवं कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। 180 डिग्री थ्री-डी थियेटर में द ओसियन बॉयोस्कोप फ़िल्म प्रदर्शित की गई। पहले विजिटर के तौर पर मुख्यमंत्री ने काउंटर से टिकट लेकर पर्यटक बस से ज़ू सफारी का भ्रमण किया। पर्यटकों के लिए बीस वाहन खरीदे गये हैं। एक वाहन में 22 पर्यटक भ्रमण कर सकते हैं।
