मुख्य समाचार

गायक व संगीतकार बप्पी दा नहीं रहे

मशहूर गायक एवं संगीतकार बप्पी लाहिरी का निधन मुंबई के एक निजी अस्पताल में हो गया। 69 वर्षीय बप्पी दा ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया बीमारी से पीड़ित थे। उनका अंतिम संस्कार 17 फरवरी को होगा। बप्पी लाहिरी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि बप्पी लाहिरी जी का संगीत सबको मोह लेने वाला और विभिन्न भावनाओं की अभिव्यक्ति के सौंदर्य में पिरोया हुआ था। हर पीढ़ी के लोग उनके संगीत से जुड़ जाते थे। उनके हंसमुख स्वभाव की सबको याद आएगी। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिजनों और चाहने वालों के प्रति संवेदनाएं। ओम् शांति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे बॉलीवुड के मशहूर गायक और संगीतकार थे। उन्होंने 80 और 90 के दशक में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका अदा की थी। उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बप्पी लाहिरी की जीवंतता ही उनकी पहचान थी। उन्होंने मस्ती भरे फिल्मी संगीत को नया आयाम दिया। वे अपने संगीत से लोगों के दिलों में हमेशा बने रहेंगे। उनके निधन से फिल्म एवं संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है।

 


संबंधित खबरें