जमुई। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के सवाल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। मुझे आश्चर्य है कि यह बात कैसे उठी। हमारे मन में ऐसी कोई आकांक्षा नहीं है। इन सबसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। न हमको ऐसी बातों में रूचि है और न ही मेरा समर्थन है। हम अपना काम कर रहे हैं। समाज सुधार, विकास एवं समाज में भाईचारा हो हमारी दिलचस्पी इसी में है। हम शुरू से काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री समाज सुधार अभियान के अंतर्गत जमुई पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने उनसे राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को लेकर सवाल किया था। जमुई में कार्यक्रम का आयोजन श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में किया गया था। जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाकर शराबबंदी, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान एवं जीविका दीदियों ने बढ़ते कदम गीत का गायन किया। लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने दहेज प्रथा उन्मूलन एवं समाज सुधार अभियान पर आधारित गीत की प्रस्तुति दी। मैथिली ठाकुर को सीएम ने अंगवस्त्र, पाग एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
