पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2022 के सफल आयोजन के लिए अपना संदेश भेजा है। प्रधानमंत्री ने संदेश में कहा है कि उद्योग विभाग के सहयोग से बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के स्टार्टअप कॉन्क्लेव आयोजन के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई।
कारोबार और व्यापारी वर्ग की जरूरतों को समझते हुए सरकार ने कई भविष्योन्मुखी फैसले लिए हैं, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। नए उद्यमियों को अवसर और देश में उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए मेक इन इंडिया के मंत्र पर चलते हुए ‘मुद्रा योजना और स्टार्टअप इंडिया जैसे सर्वस्पर्शी कदम उठाए गए, जिससे रोजगार के नए अवसर बने और अर्थव्यवस्था को नई गति मिली।
कोरोना के रूप में एक सदी में आई सबसे बड़ी महामारी के बीच, भारत की अर्थव्यवस्था फिर से गति पकड़ रही है। यह हमारे आर्थिक फैसलों और हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद का प्रतिबिंब है। इस वर्ष बजट में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया को लेकर जो निर्णय लिए गए हैं, वह हमारी इंडस्ट्री और इकोनॉमी दोनों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
आजादी के अमृत कालखंड में देश सामूहिकता की शक्ति के साथ सबका प्रयास के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है। मुझे उम्मीद है कि बिहार स्टार्टअप कॉन्क्लेव में नए उद्यम एवं नए उद्यमियों के भविष्य के प्रयासों को लेकर विचारपूर्ण मंथन होगा, जो देश के विकास एवं रोजगार सृजन में अहम् सिद्ध होगा। बिहार स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2022 के आयोजन से जुड़े सभी लोगों एवं प्रतिभागियों को भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने प्रधानमंत्री कार्यालय को कॉन्क्लेव के ऑनलाइन उद्घाटन के लिए पत्र भेजा था, लेकिन प्रधानमंत्री के व्यस्तता के कारण सहमति नहीं मिल पाई।