मुख्य समाचार

22 मार्च से बिहार दिवस का तीन दिवसीय कार्यक्रम

पटना। बिहार दिवस का तीन दिवसीय कार्यक्रम 22 मार्च से 24 मार्च तक है। कार्यक्रम का आयोजन ऐतिहासिक गांधी मैदान एवं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में किया गया है। 22 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान में कार्यक्रम का उद्घाटन और 24 मार्च को राज्यपाल फागू चौहान समापन करेंगे।

इस मौके पर राष्ट्रीय स्तर के नामचीन कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। 22 मार्च को प्रसिद्ध कलाकार कैलाश खेर एवं उनकी टीम की प्रस्तुति होगी। 23 मार्च को रेखा भारद्वाज एवं 24 मार्च को गायक सुखविंदर सिंह अपनी कला को पेश करेंगे। इस दौरान स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।  

बिहार दिवस के अवसर पर कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय टॉपर को पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य गीत एवं बिहार गौरव गान की प्रस्तुति होगी। जल-जीवन -हरियाली थीम पर लेजर शो प्रस्तुत किए जाएंगे। 500 ड्रोन की मदद से 120 मीटर की ऊंचाई पर नौ मिनट का आकर्षक लाइट शो पेश किया जाएगा।

बिहार की गौरव गाथा पर आधारित चित्र बनेंगे और लाइव कमेंट्री होगी। गांधी मैदान परिसर में फुड कोर्ट की व्यवस्था की गई है। यहां बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।

डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कार्यक्रम की जानकारी सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को दी। कार्यक्रम के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेवारी का ठीक से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

विधि- व्यवस्था के वरीय प्रभार में एडीएम (विधि व्यवस्था) एवं एसपी (मध्य) रहेंगे। गांधी मैदान में अस्थायी नियंत्रण कक्ष सह हेल्प डेस्कएवं अस्थायी थाना कार्य करेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0612- 2219810 / 2219234 / 2219209 है।

 


संबंधित खबरें