पटना। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में कृषि पवेलियन का उद्घाटन कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। बिहार दिवस का आयोजन जल-जीवन-हरियाली थीम पर किया गया है। किसानों के मनोरंजन एवं ज्ञानवर्द्धन के लिए कृषि विभाग की योजनाओं को नुक्कड़-नाटक के जरिए पेश किया जा रहा है।
कृषि पवेलियन का निर्माण 30 हजार वर्गफीट में किया गया है। किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से मिल रही है। जल-जीवन हरियाली अभियान के अंतर्गत पांच मुख्य कार्यक्रम कृषि विभाग संचालित कर रहा है। इनमें जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम, फसल अवशेष प्रबंधन, विशेष कृषि यंत्र बैंक, हर खेत को सिंचाई का पानी एवं जैविक कोरिडोर योजना शामिल हैं।
फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्र एवं अनुदान की जानकारी लेने में किसानों की खास दिलचस्पी है। बिहार दिवस के अवसर पर सेंटर ऑफ एक्सलेंस, चंडी (नालंदा) एवं सेंटर ऑफ एक्सलेंस, देसरी (वैशाली) से उत्पादित सब्जी एवं फलों के पौधरोपन सामग्री की प्रदर्शनी भी लगी है।
इस मौके पर कृषि विभाग के सचिव डॉ एन. सरवण कुमार, विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय, कृषि निदेशक सावन कुमार, उद्यान निदेशक नंद किशोर एवं संयुक्त सचिव शैलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।