पटना। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 27 मार्च को पटना हाफ मैराथन होने जा रहा है। एनसीसी निदेशालय बिहार-झारखंड एवं बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने हाफ मैराथन का आयोजन किया है। दौड़ में लगभग 4905 प्रतिभागियों के साथ कुछ विशिष्ट लोग भी शामिल होंगे।
हाफ मैराथन दौड़ 27 मार्च की सुबह पांच बजे गांधी मैदान के गेट नंबर सात से शुरू होगी। निर्धारित रूट पर दौड़ लगाते हुए गांधी मैदान के गेट नंबर आठ पर आकर समाप्त होगी। मुख्य मंच का निर्माण गांधी मैदान के गेट नंबर छह के समीप किया गया है।
गांधी मैदान से विजय दौड़ ( 21 किमी ), स्वतंत्रता दौड़ ( 10किमी ) एवं उत्सव दौड़ (3 किमी ) के सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था के लिए डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
--- हाफ मैराथन के रूप में विजय दौड़ 21 किलोमीटर का है। इसमें 705 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह गांधी मैदान के गेट नंबर सात से शुरू होकर जेपी गोलंबर, एसपी वर्मा रोड गोलंबर, डाक बंगला चौराहा, कोतवाली थाना, वोल्टास मोड़, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक चौराहा (फ्लाईओवर के नीचे) अटल पथ होते हुए दीघा छोर से गेट नंबर 90, दीघा से यू टर्न लेकर आर ब्लॉक, वीरचंद पटेल पथ होते हुए, आयकर गोलंबर, डाक बंगला चौराहा, जेपी गोलंबर करगिल चौक एवं गांधी मैदान गेट नंबर आठ पर वापस होगी।
--- स्वतंत्रता दौड़ के रूप में 10 किलोमीटर का आयोजन होगा। इसमें 1700 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह दौड़ गांधी मैदान गेट नंबर सात से जेपी गोलंबर, एसपी वर्मा रोड गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, वोल्टास मोड़, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक चौराहा, अटल पथ से पहले ओवर ब्रिज से यू टर्न लेकर आर ब्लॉक, आयकर गोलंबर, डाक बंगला चौराहा, दूरदर्शन एवं गांधी मैदान गेट नंबर आठ पर आएगी।
--- उत्सव दौड़ के रूप में तीन किलोमीटर का दौड़ होगा। इसमें 2500 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह दौड़ गांधी मैदान गेट नंबर सात से शुरू होकर जेपी गोलंबर एवं डाक बंगला चौराहा से वापस गांधी मैदान गेट नंबर आठ पर होगा।