मुख्य समाचार

न्यूज प्रिंट पर समाप्त हो आयात शुल्क, संकट में समाचारपत्र उद्योग

नई दिल्ली/पटना। न्यूज प्रिंट के मूल्य में दोगुना से अधिक वृद्धि के कारण कई समाचारपत्रों को सर्कुलेशन में कमी करनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में सरकार न्यूज प्रिंट पर लग रहे पांच प्रतिशत आयात शुल्क को शीघ्र समाप्त करे और भारत में ही न्यूज प्रिंट के उत्पादन को प्रोत्साहित करने की योजना बनाए।

राज्यसभा में विशेष उल्लेख के अंतर्गत सांसद सुशील कुमार मोदी ने यह मांग उठाते हुए कहा कि भारत का समाचारपत्र उद्योग आयातित न्यूज प्रिंट पर निर्भर है। केवल रूस से 45 प्रतिशत न्यूज प्रिंट आयात होता है। यह रूस-यूक्रेन युद्ध एवं समुद्री मार्ग से ट्रांसपोर्टेशन में 400 प्रतिशत की वृद्धि के कारण बुरी तरह प्रभावित हो गया है। न्यूज प्रिंट का मूल्य जहां 450 डॉलर प्रति टन था, वह बढ़कर 950 डॉलर प्रति टन हो गया है।

भारत में न्यूज प्रिंट का उत्पादन कम होता है। वैसी यूनिट जो इस कार्य में थी, वह ई-कॉमर्स की लोकप्रियता के कारण पैकेजिंग सामग्री का उत्पादन करने लगी है। कोविड के कारण इस उद्योग को विज्ञापन से होने वाली आय भी प्रभावित हो गई है। समाचारपत्र उद्योग की लागत में 40-50 प्रतिशत खर्च न्यूज प्रिंट का है। इन कारणों से ग्रामीण क्षेत्रों में अखबारों की बिक्री कम करनी पड़ रही है।

 


संबंधित खबरें