पटना। बिहार को कोविड-19 की रोकथाम के लिए अब तक 783.95 करोड़ राशि दी गई है। केंद्र सरकार ने बिहार को 24 मार्च तक 12.81 करोड़ वैक्सीन की निःशुल्क आपूर्ति की है। इसमें सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड 10 करोड़ 26 लाख एवं भारत बायोटेक निर्मित कोवैक्सीन 2.46 करोड़ है। बिहार में वैक्सीन की मात्र 28,349 डोज बर्बाद हुई है।
राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के एक सवाल के जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बिहार के 103 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत कोविड से हुई थी। प्रत्येक परिवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के अंतर्गत 50 लाख सहायता राशि दी जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने कोविड से मरने वाले प्रत्येक परिवार को चार लाख सहायता राशि दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर प्रत्येक मृतक परिवार को राज्य आपदा राहत कोष से भी 50 हजार राशि राज्य सरकार दे रही है।
