मुख्य समाचार

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत पर केंद्र सरकार जरूर सोचेगी

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत पर केंद्र सरकार जरूर विचार करेगी। इस संबंध में केंद्र की ओर से ही सारी बातें सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ने से लोगों की समस्याएं बढ़ जाती है। राज्य सरकार के पास इतना संसाधन नहीं है कि इसपर तुरंत कुछ कहा जाए। यह पूरे देश का मसला है।

जनता का दरबार कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नवंबर, 2021 में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर थोड़ी राहत दी थी। इस संबंध में केंद्र सरकार ने पहले निर्णय लिया और राज्यों को भी ऐसा करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को लेकर लोग अभी निश्चिंत हो गए हैं लेकिन कहीं-कहीं कोरोना के केस में वृद्धि देखी जा रही है। इसको लेकर सभी को अलर्ट रहना पड़ेगा। कुछ दिन पहले पटना में कोरोना की कम टेस्टिंग हो रही थी। हमने टेस्टिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्रीजी का भी बयान आया है कि कोरोना से सबको अलर्ट रहना है, नहीं तो खतरा हो सकता है।

गंगा नदी की सफाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस काम में लगे हुए हैं। गंगा जल को तीन-चार जगहों पर पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। बारिश में गंगा के जल को चयनित जगहों पर स्टोर किया जाएगा। फिर इसे शुद्ध कर पेयजल के रूप में सप्लाई की जाएगी। बोधगया, गया, राजगीर और नवादा में पानी की समस्या है। अगर इसमें सफलता मिल गई, तो पटना के लिए भी यह व्यवस्था करेंगे।

 


संबंधित खबरें