गया। मोक्ष और ज्ञान की नगरी गया को सुंदर और स्वच्छ बनाने की कवायद शुरू हो गई है। फल्गु नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए शहर में आने वाले नालों को रबर डैम की ओर मोड़ा जा रहा है। 15 करोड़ रुपए की लागत से इस कार्य को पूरा किया जाएगा।
गया नगर निगम के तत्वावधान में नौ योजनाओं का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर ने किया। इस मौके पर मौजूद रहे डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि लगभग 110 करोड़ रुपए की राशि से कई योजनाओं का लोकार्पण हुआ है।

स्वच्छ गया-सुंदर गया को साकार करने के लिए गया-पटना मुख्य पथ पर स्थित चिल्ड्रेन पार्क, नए गोदाम के समीप स्थित जी.बी. रोड, टावर चौक के समीप के.पी.रोड, बॉटम नाला, नादरगंज नाला, समेकित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र, विष्णुपद गया के समीप मोक्ष धाम, ब्रह्मम्सत तालाब के समीप महाआरती ध्वनि प्रकाश एवं ब्रह्म सरोवर का सौंदर्यीकरण किया गया है। इनसे गया शहरी क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, लघु सिंचाई एवं एससी-एसटी कल्याण मंत्री डॉ संतोष सुमन, गया नगर निगम के महापौर वीरेंद्र कुमार, उपमहापौर मोहन श्रीवास्तव, एमएलसी संजीव श्याम सिंह एवं रोजीना नाजिश, वार्ड पार्षद एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।