मुख्य समाचार

हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का निर्देश

पटना। राज्य के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने छोटी-छोटी नदियों को जोड़ने की योजना बनाने पर भी जोर दिया है। इससे जल संरक्षित रहेगा और सिंचाई कार्य में सुविधा होगी।

जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई निर्देश दिए। बाढ़ पूर्व तैयारी, गंगा जल आपूर्ति योजना एवं नदियों में सिल्ट प्रबंधन की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप से कृषि क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं। इससे फसलों का उत्पादन दोगुना हुआ है। हर खेत तक सिंचाई की सुविधा होने से किसानों को कृषि कार्यों में और सहूलियत होगी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगाजल आपूर्ति योजना के अंतर्गत पाइप लाइन की सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रखें। जल संसाधन विभाग, पीएचईडी और नगर विकास एवं आवास विभाग आपस में समन्वय बनाकर तेजी से काम पूरा करें।

जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के जरिए विभाग की कई परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन का 97 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। योजना के तहत राजगीर, गया, बोधगया एवं नवादा में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम हो रहा है। बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

बैठक में जल संसाधन मंत्री, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 


संबंधित खबरें