पटना। भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकार, पटना प्रमंडल में अध्यक्ष का पद रिक्त रहने से मुआवजा पाने वालों को परेशानी हो रही है। जमीन धारकों का कहना है कि उनकी जमीन का अधिग्रहण हो गया है, लेकिन सही मुआवजा नहीं मिलने से हमें आर्थिक परेशानी हो रही है।
प्राधिकार जनहित में किसी परियोजना के लिए ली गई जमीन के मुआवजा संबंधित मामलों की सुनवाई करता है। प्राधिकार के अध्यक्ष सह पीठासीन अधिकारी जिला भूमि अर्जन कार्यालय को जमीन धारक के मुआवजे की शिकायत की सही जांच करने एवं वास्तविक रकम देने का आदेश देते हैं।
प्राधिकार के अध्यक्ष का पद जिला जज के समकक्ष है। भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकार, पटना प्रमंडल में अध्यक्ष का पद 12 अक्टूबर, 2020 से रिक्त है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च, 2022 को बीबी पाठक की नियुक्ति की गई है, लेकिन उन्होंने योगदान नहीं दिया है।
इससे पहले अध्यक्ष रवीेंद्र पटवारी का कार्यकाल 19.09.2019 से 12.10.2020 तक था, लेकिन कोरोना की वजह से सुनवाई बाधित रही। पटना प्रमंडल प्राधिकार के पहले अध्यक्ष चौधरी वृजेंद्र कुमार राय थे। उनका कार्यकाल 12.04.16 से 11.04.19 तक रहा।