पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द कर दी गई है। प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ। इसकी जांच हो रही है। मुख्यमंत्री जनता का दरबार कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गड़बड़ी करनेवालों के खिलाफ यहां काफी सक्रियता है। कोई गड़बड़ करना चाहेगा, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सभी चीज के लिए पहले से गाइडलाइन है। बिहार में बहुत हद तक चीजें नियंत्रित हैं। अगर कहीं क्राइम होता है, तो तेजी से उसके खिलाफ एक्शन होता है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे हमारा पुराना संबंध है। वे यहां अपनी पार्टी के प्रभारी भी रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के संबंध में उनसे बातचीत हुई। बिहार के शिक्षा मंत्री ने भी उन्हें जानकारी दी। यह निजी मुलाकात थी। इसका कोई अर्थ निकालने की जरूरत नहीं है।
बढ़ती महंगाई को देखते हुए जनता को राहत देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जितना संभव होगा, वह किया जाएगा। अगर केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम करने का फैसला लेती है तो राज्य सरकार भी करेगी। अभी पेट्रोल-डीजल की कीमत काफी बढ़ गई है, लेकिन कई हफ्तों से कीमत स्थिर है। सभी चीजों पर राज्य सरकार की नजर है। आगे जैसी परिस्थिति होगी, उस पर निर्णय लिया जाएगा।