मुख्य समाचार

बीपीएससी प्रश्नपत्र लीक में मजिस्ट्रेट समेत चार गिरफ्तार

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में आरा परीक्षा केंद्र में तैनात मजिस्ट्रेट जयवर्धन गुप्ता समेत चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है।  

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की जांच टीम ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर यह कार्रवाई की है। विशेष अनुसंधान टीम ने कुंवर सिंह कॉलेज, आरा के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ योगेंद्र प्रसाद सिंह, बड़हरा (आरा) के बीडीओ सह मजिस्ट्रेट जयवर्धन गुप्ता, कुंवर सिंह कॉलेज में व्याख्याता सह कंट्रोलर सुशील कुमार सिंह एवं सहायक केंद्राधीक्षक अगम कुमार सहाय को गिरफ्तार किया है।

प्रश्नपत्र लीक मामले में अभी यह पहली कार्रवाई है। अनुसंधान के आगे बढ़ने के साथ कई और लोगों के नाम का खुलासा हो सकता है। आठ मई को परीक्षा सभी जिलों में दोपहर 12 बजे से शुरू होनी थी। इससे पहले ही प्रश्नपत्र का सेट सी वायरल हो गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उसी दिन परीक्षा रद्द कर दी गई। प्रतिष्ठित परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।

 


संबंधित खबरें