पटना। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जून माह में बिहार आने की संभावना है। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने बिहार में वित्तीय समावेशन एवं अन्य बिंदुओं पर मार्गदर्शन के लिए बिहार आने का आमंत्रण स्वीकार किया है। सामान्य परिस्थिति में अगले माह उनके बिहार आने की संभावना है।
डिप्टी सीएम ने केंद्रीय वित्तमंत्री से मुलाकात के दौरान बताया कि बिहार में कृषि आधारित उद्योगों की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके प्रोत्साहन के लिए विशेष कदम उठाने की जरूरत है। कोरोना संक्रमण के दौरान पशु एवं मत्स्यपालक और दुग्ध उत्पादकों ने बिहार के विकास दर को कायम रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
केंद्रीय वित्तमंत्री से डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में लग रहीं इथेनॉल यूनिट को बैंक से लोन दिलाने के लिए विशेष पहल करने की जरूरत है। साथ ही इथेनॉल यूनिट के निर्धारित कोटा को कम से कम 65 केएल करने का भी आग्रह किया।