पटना। राज्य के 16 जिलों में आई आंधी एवं वज्रपात से 33 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को शीघ्र चार-चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
फसल एवं घर क्षति के आकलन का भी निर्देश दिया गया है। आपदा प्रबंधन एवं कृषि विभाग को नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध करानी है।
33 मृतकों में भागलपुर से सात, मुजफ्फरपुर से छह, सारण एवं लखीसराय से तीन-तीन, मुंगेर एवं समस्तीपुर से दो-दो लोग हैं। बांका, जहानाबाद, खगड़िया, नालंदा, पूर्णिया, बेगूसराय, अररिया, जमुई, कटिहार एवं दरभंगा से एक-एक लोगों की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के समय-समय पर जारी सुझावों का पालन करें। खराब मौसम में घरों में रहकर सुरक्षित रहें।