मुख्य समाचार

पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का निर्णय

नई दिल्ली/पटना। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करने के लिए एक्साइज ड्यूटी घटाने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हम पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में आठ रुपए प्रति लीटर और डीजल पर छह रुपए प्रति लीटर की कमी कर रहे हैं। इससे पेट्रोल की कीमत 9.50 रुपए और डीजल की कीमत 7 रुपए प्रति लीटर कम हो जाएगी।

नई दर शनिवार (21 मई, 2022) की रात 12 बजे से प्रभावी होगी। पटना में अभी पेट्रोल-डीजल की कीमत 116.33 और 101.16 रुपए है। एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद नई दर 106.83 और 94.16 हो जाएगी।  

इससे पहले तीन नवंबर, 2021 को केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम की थी। बिहार समेत कई राज्यों ने भी वैट में कमी कर लोगों को राहत देने की कोशिश की। चार नवंबर, 2021 से 20 मार्च, 2022 तक पेट्रोल-डीजल की कीमत स्थिर रही। इस दौरान पटना में मूल्य क्रमशः 105.91 और 91.12 था, लेकिन 21 मार्च, 2022 से कीमत धीरे-धीरे बढ़ने लगी।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में 12 सिलिंडर के लिए सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। सब्सिडी की राशि प्रति सिलिंडर 200 रुपए होगी। इससे देश की नौ करोड़ आबादी को लाभ होगा।

सरकार प्लास्टिक उत्पादों के लिए कच्चे माल पर कस्टम ड्यूटी भी कम कर रही है। इससे तैयार उत्पादों की लागत में कमी आएगी। इसी तरह लोहे और स्टील के लिए भी कच्चे माल पर कस्टम ड्यूटी कम की जाएगी। कुछ स्टील के कच्चे माल पर आयात शुल्क कम और कुछ स्टील उत्पादों पर निर्यात शुल्क लगाया जाएगा।

 


संबंधित खबरें