नवादा। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गंगाजल आपूर्ति योजना का नवादा जिले के मोतनाजे गांव (नारदीगंज प्रखंड) में सफल ट्रायल किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में मोकामा के हाथीदह से गंगाजल को अपलिफ्ट कर मोतनाजे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में फ्लो कराया गया। नवादा की धरती पर गंगा के आगमन पर मुख्यमंत्री ने नमन किया। सभी लोगों ने गंगाजल आपूर्ति योजना के सफल ट्रायल पर ताली बजाकर खुशी जाहिर की।
मोतनाजे से ही गंगाजल की आपूर्ति राजगीर, नवादा, गया और बोधगया में की जाएगी। इन शहरों में जून-जुलाई से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों के सहयोग से ही यह काम संभव हो पाया है। उन्होंने इस कार्य के लिए जमीन देने वालों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने नवादा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, नालंदा जिले में राजगीर रिजरवायर, गया में निर्माणाधीन जलशोधन संयंत्र, जलाशय और रबर डैम निर्माण का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवादा शहर के पास गंगाजल को प्यूरीफाई करने के बाद लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करने का प्रबंध सुनिश्चित करें। नवादा, राजगीर, गया एवं बोधगया के लोगों को सालो भर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए बारिश के चार महीने तक गंगा नदी से वाटर अपलिफ्ट कर शेष आठ महीने जलापूर्ति के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर करें।
नालंदा विश्वविद्यालय की अधिगृहीत जमीन से दस एकड़ जमीन गंगाजल आपूर्ति योजना के लिए इस्तेमाल की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर जल संचित क्षेत्र में लोगों की एंट्री नहीं होनी चाहिए। संग्रहित जल की निगरानी के लिए पुलिस चौकी का प्रबंध करें।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव, जल संसाधन एवं पीएचईडी सचिव, जिलों के डीएम एवं एसपी समेत कई कई अधिकारी मौजूद रहे।