मुख्य समाचार

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर हर्ष

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं। एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाना बहुत खुशी की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्रीजी ने 21 जून को इसकी जानकारी मुझे दी थी। इसके लिए प्रधानमंत्रीजी को हृदय से धन्यवाद।  

64 वर्षीया द्रौपदी मुर्मू मूलतः मयूरभंज (उड़ीसा) की रहनेवाली हैं। उड़ीसा सरकार में मंत्री के बाद झारखंड की राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है। पूर्व केंद्रीय वित्त एवं विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए गए हैं।

उद्योग मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए से पूरे देश में तो खुशी है ही, लेकिन बिहार, झारखंड और उड़ीसा के लिए यह विशेष गौरव का पल है।

उन्होंने कहा कि पहली बार देश के सर्वाेच्च पद पर एक आदिवासी महिला विराजमान होंगी। उड़ीसा में साधारण परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मू की जीवन यात्रा उड़ीसा सरकार में एक क्लर्क से लेकर झारखंड की राज्यपाल बनने तक अभूतपूर्व रही है। वह दो बार विधायक चुनी गईं।

झारखंड के राज्यपाल के रूप में देश की पहली आदिवासी महिला राज्यपाल बनीं और अब देश के राष्ट्रपति के रूप में वह पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। इसके अलावा द्रौपदी मुर्मू के नाम देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने का भी रिकॉर्ड हो जाएगा।

 

 

 


संबंधित खबरें