पटना। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) से आवंटित जमीन पर छह माह में उद्योग शुरू नहीं करने पर जमीन वापस ले ली जाएगी। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने विधान परिषद में सदस्य रामचंद्र पूर्वे के सवाल पर यह जानकारी दी। विधान परिषद सदस्य रामचंद्र पूर्वे ने सवाल किया था कि करीब पांच सौ उद्यमियों को बियाडा से जमीन मिली है, लेकिन उन्होंने अब तक जमीन पर कोई काम शुरू नहीं किया है। इस पर उद्योग विभाग की ओर से क्या कार्रवाई हो रही है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि वैसे उद्यमी जिन्होंने लंबे समय से ली गई जमीन पर कोई काम शुरू नहीं किया है। उन्हें छह माह का समय दिया गया है। निर्धारित समय पर काम शुरू नहीं करने पर जमीन वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
बिहार के औद्योगिक विकास के लिए सभी संभव कोशिश की जा रही हैं। बिहार में बियाडा के औद्योगिक क्षेत्र 52 से बढ़कर 74 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि बंद चीनी मिल की 2442.41 एकड़ जमीन बियाडा को हस्तांतरित की गई है। इस तरह बियाडा के पास 8480 एकड़ जमीन हो गई है। इन जमीन पर नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो रहे हैं। एमएसएमई की सुविधा के लिए 25 प्रतिशत जमीन सुरक्षित रखी गई है।