मुख्य समाचार

राजीव नगर से 40 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त

पटना। राजधानी के राजीव नगर क्षेत्र से बिहार राज्य हाउसिंग बोर्ड की 40 एकड़ जमीन जिला प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। 95 अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया है। तीन जुलाई की सुबह पांच बजे से ही राजीव नगर के मौजा दीघा में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई।

दीघा कृषि भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एवं सचिव समेत 25 लोगों को जेल भेज दिया गया है। पांच वाहन भी जब्त किए गए हैं। दीघा-आशियाना रोड के पश्चिम, नेपाली नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 लागू की गई है। ऐसी स्थिति में एक जगह पर पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी।

तोड़ी गई संरचनाओं में अधिकतर चहारदीवारी एवं निर्माणाधीन मकान थे। पांच मकानों में रह रहे लोगों को खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान करीब पांच सौ बल प्रतिनियुक्त थे।

सिटी एसपी (मध्य) अंबरिश राहुल एवं दो पुलिसकर्मियों को चोट आई है। इनका प्राथमिक उपचार जारी है। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो भी कार्रवाई के समय मौजूद थे। उन्होंने कहा है कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा। अतिक्रमण के विरुद्ध ऑपरेशन अभी जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि हंगामा करने के लिए बाहर से भी लोगों को बुलाया गया था। गिरफ्तार लोगों के कॉल डिटेल्स एवं व्हाट्सएप चैट के आधार पर जमीन माफियाओं की भी संलिप्तता मिली है। जांच के बाद उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 


संबंधित खबरें