पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई की शाम पटना आ रहे हैं। बिहार विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष समापन समारोह के मौके पर वे विधानसभा परिसर स्थित शताब्दी स्मृति स्तंभ एवं शताब्दी स्मृति उद्यान का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विधानसभा म्यूजियम एवं गेस्टहाउस का शिलान्यास और कल्पतरू पौधे का रोपण भी करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे। नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष समापन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
पटना से पहले प्रधानमंत्री 12 जुलाई को देवघर भी जाएंगे। बाबा मंदिर में पूजा करने के साथ वे देवघर एयरपोर्ट एवं एम्स की कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। झारखंड एवं बिहार के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास भी देवघर से करने वाले हैं।
