मुख्य समाचार

पीएम ने देवघर एयरपोर्ट का किया लोकार्पण

देवघर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट समेत 16,800 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, झारखंड सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा की। 

एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण और शिलान्यास से झारखंड को कनेक्टिविटी, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र में काफी बल मिलेगा। हम सभी ने देवघर एयरपोर्ट और देवघर एम्स का सपना लंबे समय से देखा है। यह सपना अब साकार हो रहा है।

देवघर एयरपोर्ट की लागत चार सौ करोड़ रुपए है। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन की क्षमता सालाना लगभग पांच लाख यात्रियों की है। देवघर से पहली विमान सेवा कोलकाता के लिए शुरू हो गई है। शीघ्र रांची, दिल्ली और पटना के लिए भी सेवा शुरू हो जाएगी। बोकारो और दुमका एयरपोर्ट निर्माण का काम चल रहा है।

गेल की जगदीशपुर-हल्दिया-बोकारो-धामरा पाइपलाइन से झारखंड और ओडिशा के 11 जिलों में सिटी गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार होगा। प्रधानमंत्री ने दस हजार करोड़ रुपए से अधिक की कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही दो रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और तीन रेल परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

 


संबंधित खबरें